News

विधानसभा अध्यक्ष की सख्त टिप्पणी,डॉ रमन सिंह ने अधिकारियों के रवैये पर संसदीय कार्यमंत्री को दिया निर्देश..

रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने निर्देशित किया है कि अधिकारी विधानसभा के सवालों का जवाब, तय समय में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ दें। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने इसे लेकर संसदीय कार्यमंत्री को निर्देशित किया है। दरअसल पूरा मामला भारतमाला परियोजना में प्रभावितों को मुआवजा में गड़बड़ी से जुड़ा है।

भारतमाला परियोजना के मुआवजे से संबंधित सवाल आज पहले नंबर पर था, लेकिन इसका जवाब प्रश्नकाल के आधे घंटे पहले ही प्रश्नकर्ता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को उपलब्ध कराया गया। प्रश्नकाल जैसे ही शुरू हुआ, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि, अध्यक्ष के निर्देश के बावजूद मुझे प्रश्न का उत्तर अभी आधे घंटे पहले मिला।

कई पन्नों में ये जवाब दिया गया है, इसे इतना देर में पढ़ा भी नहीं जा सकता, जबकि पिछले हफ्ते का ही प्रश्न था जिसे आज इस सवाल को पहले नंबर पर लिया जाना है। चरणदास महंत को पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का भी साथ मिला। उन्होंने  भी इसे व्यवस्था का प्रश्न बताते हुए अधिकारियों के इस कृत्य को गलत बताया।

जिसके बाद आसंदी से विधानसभा अध्यक्ष ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि, ये अत्यंत खेदजनक है, मैं संसदीय कार्य मंत्री को निर्देशित करता हूँ कि सभी अधिकारियों को निर्देशित करें कि सर्वोच्च प्राथमिकता पर रख कर उत्तर मुहैया कराया जाए। अगले हफ़्ते के पहले प्रश्न के तौर पर इसे लिया जाएगा।
जिसके बाद चरणदास महंत ने कहा कि ये भी उचित नहीं है कि उनके सवाल के ठीक पहले अधिकारियों पर कार्रवाई की जानकारी मीडिया को सार्वजनिक कर दी जाये। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब ये सवाल आयेगा, तो आप अपनी बात कह दीजियेगा।

Leave a Reply

Back to top button