News

शादी से इनकार का खौफनाक बदला: युवती के पिता पर गैरेज में चाकू से 6 वार..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने गैरेज में बाइक बनवा रहे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ छह बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी एक युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने अपना सरनेम बदलकर खुद को साहिल मानिकपुरी बताया और युवती के परिवार से रिश्ता जोड़ा। बाद में परिवार को उसकी वास्तविक पहचान की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने शादी से इनकार कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। उसकी हरकतों से परेशान होकर परिवार दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी भी कर रहा था।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित एक गैरेज में अपनी बाइक बनवाने पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल वहां चाकू लेकर पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सीने और पीठ पर लगातार छह वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन गैरेज में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। भागने की कोशिश के दौरान आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में भी चोट आई है।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले आरोपी ने युवती के साथ सड़क पर मारपीट की थी और इसकी शिकायत लेकर वे सिविल लाइन थाने पहुंचे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि थाना प्रभारी ने इस आरोप से इनकार किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button