रायपुर, 04 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को जशपुर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य बने इस सर्वसुविधायुक्त भवन से अब लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि जशपुर शहर के बीचों-बीच इस भवन के बनने से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को महंगे निजी मैरिज हॉल और टेंट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।
उत्तर जशपुर में भी बनेगा नया सामुदायिक भवन
मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचें। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना विकसित की जा रही है।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता, भरत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस नए सामुदायिक भवन से जशपुर के नागरिकों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा। साथ ही उत्तर जशपुर में नए भवन की घोषणा से क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा।



