नई दिल्ली/रायपुर। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। बैंक कर्मचारी संगठनों और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल और इससे जुड़े आंदोलन को टालने का फैसला लिया गया है।
हड़ताल स्थगित होने के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत देशभर में बैंक अपने निर्धारित समय के अनुसार खुले रहेंगे और ग्राहकों को सामान्य बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।
27 सितंबर को हुई अहम बैठक
जानकारी के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को IBA की वार्ता समिति और UFBU के बीच बैठक हुई। बैठक में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की प्रक्रिया आगे जारी रखने पर सहमति बनी।
UFBU के कोऑर्डिनेटर व्ही.के. शर्मा ने हड़ताल स्थगित किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक होने वाला प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल टाल दिया गया है।
क्या 5 डे वर्किंग वीक लागू हो गया?
बैंक कर्मचारियों के बीच लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह यानी 5 डे वर्किंग वीक की मांग चर्चा में है। हालांकि, हड़ताल स्थगित होने का मतलब यह नहीं है कि पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की व्यवस्था लागू हो गई है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, वित्त मंत्रालय की ओर से 5 डे वर्किंग वीक के प्रस्ताव पर अभी कोई अंतिम प्रतिबद्धता नहीं जताई गई है। बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर सहमति बनने की बात कही गई थी, लेकिन सरकारी सूत्रों ने इस दावे को खारिज किया है।
फिलहाल ग्राहकों को राहत
हड़ताल स्थगित होने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक बंद रहने की आशंका फिलहाल टल गई है। हालांकि, बैंकिंग सेवाओं और छुट्टियों से जुड़े स्थानीय कार्यक्रमों के अनुसार कुछ शाखाओं की स्थिति अलग हो सकती है।
यानी साफ है कि बैंक हड़ताल स्थगित हुई है, लेकिन 5 डे वर्किंग वीक को अभी सरकार की अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।



