रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक अपने कार वाशिंग सेंटर में रोज की तरह गाड़ियों की धुलाई कर रहा था। इसी दौरान बिजली के तारों के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की है। मृतक की पहचान इंदिरा नगर निवासी शंकर चक्रधारी के रूप में हुई है। वह इलाके में खुद का कार वाशिंग सेंटर चलाता था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को शंकर सेंटर में गाड़ियों की धुलाई कर रहा था। इसी दौरान सड़क से एक वाहन गुजरा। उसकी चपेट में आने से बचने के लिए शंकर अचानक पीछे की ओर हटा। इसी दौरान वह टुल्लू पंप के पास बिछे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया।
धुलाई के दौरान फैले पानी के कारण बिजली का करंट आसपास फैल गया था। जैसे ही शंकर पीछे हटा, वह करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।



