गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर कला गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर सदियों पुरानी अनोखी परंपरा निभाई गई। यहां 150 से अधिक गायों को एक साथ खुला छोड़ दिया गया, जो गांव के सिरहा को रौंदते हुए आगे निकल गईं। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में गायों के गुजरने के बावजूद सिरहा को एक खरोंच तक नहीं आई। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। अब इस परंपरा का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सिरहा को जमीन पर बैठाकर दौड़ाई गईं गायें
गांव में गोवर्धन पूजा का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। रस्म के तहत गांव के सिरहा को मुख्य गली के बीचों-बीच बैठाया गया। इसके बाद ग्राम देवी के जयकारों के बीच 150 से अधिक गौधन को खुला छोड़ दिया गया।
गायें गौरा गुड़ी से होते हुए मुख्य गली में दौड़ती हुई निकलीं और जमीन पर बैठे सिरहा के ऊपर से गुजर गईं। इस दौरान सिरहा को कोई चोट नहीं आई। परंपरा पूरी होने के बाद गांव के पटेल परिवार का एक सदस्य सिरहा को अपने कंधे पर बैठाकर उनके घर तक छोड़ने जाता है। ग्रामीण इसे उनके पूरी तरह स्वस्थ होने का प्रमाण मानते हैं।
10 साल से सुंदर यादव निभा रहे सिरहा की भूमिका
इस गांव में सुंदर यादव पिछले 10 वर्षों से सिरहा की भूमिका निभा रहे हैं। बताया जाता है कि यादव परिवार में यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। खास बात यह है कि इस आयोजन की तारीख कैलेंडर की निर्धारित तिथि के अनुसार तय नहीं होती, बल्कि दीपावली के बाद आने वाले रविवार या बुधवार को यह रस्म निभाई जाती है।
87 वर्षीय बुजुर्ग ने बताई परंपरा की कहानी
गांव के 87 वर्षीय बुजुर्ग निहाल नेगी के मुताबिक, यह परंपरा उनके दादा-परदादा के समय से चली आ रही है। ग्रामीणों की मान्यता है कि यह आयोजन गौधन के प्रति उनकी अटूट आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए मैनपुर कला के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। करीब 200 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी गांव की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए है।



