छत्तीसगढ़

बिलासपुर में जज के खिलाफ FIR दर्ज करना पड़ा भारी! सरकंडा TI प्रदीप आर्य लाइन अटैच..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में महासमुंद फैमिली कोर्ट के न्यायिक अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज करने का मामला विवादों में आ गया है। इस घटनाक्रम के बाद सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, निरीक्षक नरेश चौहान को सरकंडा थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आदेश जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला एक प्रॉपर्टी डीलर की जन्मदिन पार्टी में हुए विवाद से जुड़ा है। पार्टी के दौरान महासमुंद फैमिली कोर्ट के जज प्रफुल्ल कुमार सोनवानी की पत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ कथित मारपीट हुई थी। इसके बाद जज ने प्रॉपर्टी डीलर अभय बरुआ और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दी गई थी।

दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जज के खिलाफ भी FIR दर्ज कर ली। इसके बाद न्यायिक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे। बताया जा रहा है कि इस मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंची थी।

एसएसपी रजनेश सिंह के छुट्टी से लौटने के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया। इसके बाद प्रदीप आर्य को लाइन अटैच कर दिया गया। हालांकि, आधिकारिक आदेश में कार्रवाई की वजह प्रशासनिक बताई गई है। इसे FIR विवाद से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

2

Back to top button