रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर की IAS अधिकारी नम्रता गांधी को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें केंद्रीय आयुष मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सिविल सर्विसेज बोर्ड की अनुशंसा पर नम्रता गांधी की नियुक्ति को मंजूरी दी है। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ मंत्रालय में उप सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत उन्हें आयुष मंत्रालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति लेटरल शिफ्ट के आधार पर की गई है।
5 मार्च 2029 तक रहेगा कार्यकाल
जारी आदेश के अनुसार, नम्रता गांधी का कार्यकाल 5 मार्च 2029 तक या अगले आदेश तक रहेगा। दोनों में से जो भी पहले होगा, उसी के अनुसार उनकी प्रतिनियुक्ति प्रभावी रहेगी।
केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नम्रता गांधी अब आयुष मंत्रालय में उप सचिव के रूप में कार्य करेंगी। उनकी इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।



