छत्तीसगढ़

कोरबा में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, सिर पर गंभीर चोट के निशान; हत्या की आशंका..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घर के अंदर मिला महिला का शव

जानकारी के अनुसार, सुबह महिला का पति सहदेव राम चौहान घर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी को मृत अवस्था में देखा। यह देखकर वह घबरा गया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान और घटनास्थल से ईंट के टुकड़े मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि, हत्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल पर की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर जांच की।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे हत्या की वजह है या कोई अन्य कारण, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

2

Back to top button