News

बर्थडे सेलिब्रेशन बना मौत का कारण, विवाद के बाद युवक को पिकअप से कुचलने का आरोप..

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित जामुल थाना क्षेत्र में 21वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक अंकित सिंह की मौत हो गई। परिजनों और दोस्तों ने आरोप लगाया है कि विवाद के बाद अंकित को बोलेरो पिकअप से कुचल दिया गया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हत्या की धाराएं जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की रात सुंदर विहार फेस-2 स्थित दुर्गा पंडाल गार्डन में अंकित सिंह अपना जन्मदिन मना रहा था। इस दौरान केक काटने को लेकर उसकी कुछ परिचितों से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि गोपी सरदार ने अंकित से दोबारा केक काटने की बात कहकर उसे आगे चलने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और अंकित को वहां से अलग कर दिया।

पिकअप से कुचलने का आरोप

परिजनों और दोस्तों का आरोप है कि विवाद के बाद रंजिश के चलते गोपी बोलेरो पिकअप लेकर अंकित के पीछे पहुंचा और उसे जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन को दोबारा मोड़कर अंकित को कुचलने का प्रयास भी किया गया। गंभीर रूप से घायल अंकित को चंदूलाल चंद्राकर स्मृति अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन, मिलिंद साहू और शुभम शर्मा को गिरफ्तार किया है। एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, शुरुआती जांच के बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जामुल थाने का किया गया था घेराव

घटना के विरोध में 27 सितंबर को करणी सेना ने जामुल थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया था। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अंकित को बधाई देने के बहाने बुलाकर साजिश के तहत उसकी हत्या की गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button