छत्तीसगढ़

कोरबा में 16 वर्षीय लड़की की मौत, प्रताड़ना के आरोपों से मचा हड़कंप..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बांकी मोंगरा SECL क्षेत्र की रोहिना बस्ती (वार्ड-56) में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक लंबे समय से किशोरी को प्रताड़ित कर रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में थी।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर आरोपी युवक अचानक किशोरी के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने सार्वजनिक रूप से किशोरी के बाल पकड़कर थप्पड़ मार दिया। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया, लेकिन सरेआम हुए इस अपमान से किशोरी गहरे सदमे में चली गई।

बताया जा रहा है कि घटना के कुछ समय बाद ही किशोरी घर के भीतर मृत अवस्था में मिली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

परिवार के अनुसार, किशोरी पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रही थी। वर्ष 2021 में पिता की मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उसकी मां रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्य में मजदूरी करने गई हुई हैं। ऐसे में किशोरी अपने भाई के साथ बुआ और नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल और चैट्स की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोरेंसिक जांच के बाद मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी युवक फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Back to top button