मुंगेली। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने छह दिन के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक की भूमिका सामने आई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 500 रुपये को लेकर हुआ विवाद बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अमोरा निवासी दिव्या भारती ने साकेत चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की 26 और 27 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरिया, साकेत चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी दौरान पुलिस को गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक की भूमिका की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालक ने बताया कि उसने अपना गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए सोनकलिया बाई से 500 रुपये मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर विवाद हुआ और आरोप है कि उसने हंसिया से महिला के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। जांच के बाद उसे अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
चूंकि मामला नाबालिग से संबंधित है, इसलिए पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और बरामद साक्ष्यों का अंतिम परीक्षण न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगा।



