कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सांवारावा के पास पिकअप और ऑटो की जोरदार टक्कर में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं छिंदिया गांव की रहने वाली थीं और दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद महिलाएं ऑटो से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान शुक्रवार रात करीब 8 बजे सांवारावा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कुछ महिलाएं ऑटो से उछलकर सड़क पर जा गिरीं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।
3 महिलाओं की मौत, 12 घायल
हादसे में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) की मौत हो गई। वहीं 12 महिलाएं घायल हुई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर किया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।
पिकअप चालक वाहन लेकर फरार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान की जा सके।



