छत्तीसगढ़

पारिवारिक विवाद में पिता की मौत, 16 वर्षीय बेटे पर कस्सी से वार का आरोप..

छत्तीसगढ़। पुंडरी क्षेत्र के गांव भाणा स्थित एक ईंट भट्ठे पर पारिवारिक विवाद के दौरान 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के बीच उसके 16 वर्षीय बेटे ने कस्सी से पिता की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के शक्ति जिले के रहने वाले लक्ष्मी प्रसाद के रूप में हुई है। बताया गया है कि लक्ष्मी प्रसाद का परिवार भाणा स्थित सरस्वती ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आया था और वहीं रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर उनका 16 वर्षीय बेटा भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने कस्सी से पिता पर हमला कर दिया। वार गर्दन पर लगने से लक्ष्मी प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी सुशील प्रकाश के साथ सीआईए कैथल और पुंडरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। नाबालिग होने के कारण आरोपी से संबंधित कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां और विवाद की वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Back to top button