रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ वडनगर से वाराणसी तक जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली यह यात्रा जांजगीर पहुंची, जहां जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं और नागरिकों ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया।
इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्वयं बाइक रैली में शामिल हुए और युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे युवाओं को शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
युवाओं की ऊर्जा से विकास को मिलेगी नई गति
युवा संवाद को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा, राष्ट्रसेवा और भारत के विकास के संकल्प की यात्रा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा और समर्पण की भावना से जुड़ी रही है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच देश और प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति दे सकती है।
संस्कृति और विरासत को सहेजना भी जिम्मेदारी
ओपी चौधरी ने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजते हुए आगे बढ़ाना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ सामाजिक जिम्मेदारियां निभाने तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने वडनगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे युवाओं के प्रयासों की सराहना की।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया और कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा की भावना को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



