बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फैक्ट्री परिसर के अंदर दर्दनाक हादसे में 39 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। सिरगिट्टी-सिलपहरी स्थित अग्रवाल स्ट्रक्चर फैक्ट्री में कोयला डंपिंग के दौरान कर्मचारी एचपी लोडर की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोयला डंपिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान हरदी भाठा निवासी राकेश लहरे, पिता कुंवरलाल लहरे के रूप में हुई है। राकेश फैक्ट्री में कर्मचारी था और उस समय परिसर में एचपी लोडर से कोयला डंप कराने का काम देख रहा था।
बताया जा रहा है कि काम बताने के बाद राकेश लोडर से पीछे हटकर खड़ा हो गया। इसी दौरान लोडर चालक ने वाहन को पीछे की ओर किया। पीछे खड़े राकेश की नजर वाहन पर नहीं पड़ी और वह लोडर की चपेट में आ गया।
ऊपर से गुजर गया लोडर का पहिया
हादसा इतना गंभीर था कि लोडर का पहिया राकेश के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और लोडर को पीछे करते समय चालक की क्या भूमिका रही, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



