छत्तीसगढ़

राजेश अग्रवाल ने थामी झाड़ू, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश; लखनपुर में चला व्यापक सफाई अभियान..

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान करते हुए साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब के आसपास साफ-सफाई की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने ग्रामीणों से घर और आसपास के परिसर के साथ-साथ बाजार, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने की अपील की। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, जलस्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और गांव की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

सभी ग्राम पंचायतों में हुई स्वच्छता गतिविधियां

सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान केवल ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहा। लखनपुर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों के शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।

अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान कर कार्यालय एवं आंगनबाड़ी परिसरों की साफ-सफाई की। इस दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ ग्रामीणों को अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छताग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Back to top button