छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में ‘सेवा सेतु शिविर’, 3888 हितग्राही हुए लाभान्वित; 614 आवेदनों का मौके पर निराकरण..

बलौदाबाजार। राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर, बलौदाबाजार में ब्लॉक स्तरीय ‘सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत 3,888 हितग्राहियों को सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए।

शिविर में आम लोगों की समस्याओं और मांगों से संबंधित 736 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 614 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अलावा आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में 400 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ उठाया।

एक ही जगह उपलब्ध हुईं शासकीय सुविधाएं

शिविर को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल और जिला स्तर के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद हैं, जिससे आम लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा हो रही है।

‘दान उत्सव रथ’ को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री ने ‘दान उत्सव रथ’ के लिए सामग्री दान की और जनप्रतिनिधियों के साथ रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ गांव-गांव जाकर लोगों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं दान करने के लिए प्रेरित करेगा। एकत्रित सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

बुजुर्गों को पहनाया नजर का चश्मा

मंत्री टंक राम वर्मा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल और मेगा हेल्थ कैंप का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने कई बुजुर्ग हितग्राहियों को स्वयं नजर का चश्मा पहनाया और विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया।

प्रत्येक ब्लॉक में आयोजित होगा सेवा सेतु शिविर

कलेक्टर ने बताया कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एक ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Back to top button