धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। भखारा थाना क्षेत्र के भखारा नगर पंचायत में 25 वर्षीय काजल पाल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। काजल की शादी करीब 6 महीने पहले ही भखारा निवासी युवक से हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घर में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोनों परिवारों के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शादी के महज छह महीने बाद ऐसी स्थिति क्यों बनी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।



