छत्तीसगढ़

आरंग में महानदी किनारे दो शव मिलने से हड़कंप, सभी एंगल से जांच जारी..

आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र के ग्राम चिखली में महानदी किनारे दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के बाद उफान पर आई महानदी के तेज बहाव में बहकर दोनों शव नदी किनारे झाड़ियों में फंस गए। ग्रामीणों की सूचना पर आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार बरामद शवों में से एक महिला का है, जबकि दूसरे शव की पहचान और लिंग की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। दोनों शव काफी हद तक गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी शिनाख्त में परेशानी आ रही है।

बाढ़ के पानी में बहकर आने की आशंका

हाल में हुई भारी बारिश के कारण महानदी के तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि नदी किनारे दफन शव पानी के तेज बहाव में बहकर यहां पहुंचे हो सकते हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि दोनों मृतक बाढ़ की चपेट में आए हों।

हालांकि पुलिस ने हत्या कर शव नदी में बहाए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

दूसरे जिलों के थानों से जुटाई जा रही जानकारी

शवों की पहचान के लिए आरंग पुलिस महानदी से लगे अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों के थानों से संपर्क कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और उपलब्ध जानकारियों का मिलान किया जा रहा है।

सीएसपी लंबोदर पटेल के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शवों के नदी किनारे दफन होने और भारी बारिश व बाढ़ के कारण बहकर यहां पहुंचने की संभावना नजर आ रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण और शवों की पहचान स्पष्ट होने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस मामले की सभी एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button