राज्य

रांची में सड़क खोदकर छोड़ना पड़ेगा भारी, काम पूरा होते ही सड़क बहाल करने का सख्त निर्देश

 रांची
 सड़क पर किसी भी तरह का काम पूरा होने के बाद गड्ढे छोड़ना संबंधित एजेंसी और संवेदक को भारी पड़ेगा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने गेल के अधिकारियों और संबंधित संवेदकों को निर्देश दिया कि कार्य पूरा होते ही सड़क को अनिवार्य रूप से पूर्व स्थिति में लाएं।

खोदी गई सड़क और बनाए गए गड्ढों को तत्काल भरकर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के अनुरूप सड़क को बहाल करें। सड़क की स्थिति खराब रहने या गड्ढे खुले छोड़ने पर संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

समाहरणालय सभागार में विकास योजनाओं, अतिक्रमण मुक्त शहर, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने लंबित योजनाओं में तेजी लाने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा आने पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उसका तत्काल समाधान करें। पदाधिकारी अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, नियमित निगरानी करें
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने का निर्देश दिया। इसके लिए नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

अनधिकृत कट हटाने का निर्देश
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों और जाम वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्रमुख मार्गों को चिन्हित कर यातायात में बाधा डालने वाले अनावश्यक और अनधिकृत कट हटाने की कार्रवाई का निर्देश दिया गया। शहर के सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा गया।

नगर निगम को संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि फुटपाथ और सड़क किनारे अनियमित रूप से दुकान लगाने की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।

अवैध पार्किंग और यातायात उल्लंघन पर कार्रवाई
बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध स्वचालित चालान की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अनधिकृत कब्जे तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बेतरतीब केबल पर भी सख्ती
उपायुक्त ने शहर की सड़कों पर बेतरतीब तरीके से बिछाए गए केबल और विभिन्न एजेंसियों द्वारा काम के बाद सड़क की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सड़कों पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा काम पूरा होने के बाद सड़क की स्थिति का सत्यापन करने का निर्देश दिया।

बैठक में रांची नगर निगम के आयुक्त सुशांत गौरव, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रोबेशनर आइएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय, उप समाहर्ता भूमि सुधार मुकेश कुमार, जिला नजारत समाहर्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Back to top button