छत्तीसगढ़

CG Teacher News: स्कूल से गायब रहते थे हेड मास्टर, जांच में आरोप सही; DEO ने किया सस्पेंड..

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शिक्षा विभाग ने लापरवाही के मामले में एक प्रधान पाठक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोनहत विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला अंगवाही के प्रधान पाठक सुशील कुमार तिवारी को जिला शिक्षा अधिकारी बैकुंठपुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रधान पाठक के खिलाफ CM हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वे स्कूल के गेट के बाहर से ही ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराकर चले जाते हैं। इसके अलावा कभी-कभार स्कूल आने पर शराब के नशे में रहने का भी आरोप लगाया गया था।

जांच में शिकायत के तथ्य सही पाए गए

शिकायत की प्रारंभिक जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोनहत की ओर से की गई। 21 अगस्त 2026 को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में शिकायत में लगाए गए आरोपों को सही पाया गया।

जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रधान पाठक को 21 और 27 अगस्त 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, विभाग के मुताबिक उन्होंने अब तक नोटिस का कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया।

DEO ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

जांच रिपोर्ट और जवाब नहीं देने को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत सुशील कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सोनहत निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

शिक्षा विभाग ने निलंबन आदेश की जानकारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों और कार्यालयों को भी भेज दी है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Leave a Reply

Back to top button