धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज धमतरी के निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, युवती कोंडागांव निवासी है और कुरूद क्षेत्र की बालाजी राइस मिल में काम करती है। आरोपी युवक भी उसी राइस मिल में काम करता है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक युवती के मोबाइल में अपने पैसों से रिचार्ज करवाता था। उसे शक था कि युवती उस रिचार्ज का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने के लिए कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद के बाद युवक युवती के घर पहुंचा और चाकू से उस पर कई वार कर दिए। हमले में युवती की कमर और जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उसे पहले कुरूद अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



