जशपुर। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में मृतक की पहचान विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच मोबाइल फोन के 1,000 रुपये बकाया को लेकर विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर राजेश के सिर पर लकड़ी के फाड़े से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जंगल क्षेत्र में टेकरी के पीछे फेंकने का आरोप है।
जंगल में मिला था शव
23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल में रपटा पुलिया के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। शव के सिर के पीछे चोट के निशान मिले थे। चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों, परिजनों और परिचितों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस का संदेह कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर गया।
सबूत मिटाने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की कोशिश की बात बताई। घटना में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल नदी में फेंकने तथा घटना के समय पहने कपड़ों को भी ठिकाने लगाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसकी लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।
मामले में पुलिस ने BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 238 के तहत साक्ष्य मिटाने के आरोप में कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।



