महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुडमार बांधा जंगल में पुलिस विभाग में पदस्थ एक आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार लेढिया (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
आरक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।



