रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत मरौदा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेल दुर्घटना और आगजनी जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान ट्रेन के डिब्बे के पटरी से उतरने, उसमें आग लगने और यात्रियों के फंसने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। NDRF, SDRF और रेलवे की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।
कोच काटकर फंसे यात्रियों को निकालने का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान बचाव दलों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त रेल कोच को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया दिखाई। इसके साथ ही आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास भी किया गया।
NDRF-SDRF और रेलवे की टीम ने संभाला मोर्चा
इस संयुक्त अभ्यास में ओडिशा के मुंडाली, कटक स्थित NDRF बटालियन, छत्तीसगढ़ SDRF, रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग और रेलवे आपदा प्रबंधन टीम ने हिस्सा लिया। इसके अलावा दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), चिकित्सा राहत व्यवस्था, रेलवे मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ शासन और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की ओर से अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की गई। एंबुलेंस, स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने भी अभ्यास में सहयोग किया।
बनाए गए प्राथमिक उपचार और सहायता केंद्र
मॉक ड्रिल के दौरान मरौदा स्टेशन पर प्राथमिक उपचार केंद्र, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र और नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र सहित कई अस्थायी व्यवस्थाएं बनाई गईं। रेलवे सुरक्षा बल के श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्ते ने भी सुरक्षा जांच से जुड़ी प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण
अभ्यास के दौरान रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने राहत एवं बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से आपदा प्रबंधन की तैयारियों और उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने बताया कि ऐसे अभ्यासों का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना है। इससे वास्तविक दुर्घटना के समय राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि मरौदा स्टेशन पर आयोजित यह किसी वास्तविक ट्रेन दुर्घटना की घटना नहीं थी, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए किया गया प्रशिक्षण अभ्यास था।



