छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात! जशपुर के 5 युवा दक्षिण नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाएंगे पहचान..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए गर्व की खबर है। जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण के जरिए ये युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

जशपुर को मिलेगी साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान

यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा। इस पहल से जशपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम तैयार होने की दिशा में रास्ता खुलेगा। इससे जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया था ‘विष्णु देव रूट’

जशपुर के इन युवाओं ने वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर टीम ने सफलतापूर्वक आरोहण किया और एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया।

इस मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया था। युवाओं की इस उपलब्धि ने जशपुर को पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई।

वर्ष 2024 में शुरू हुई थी प्रशिक्षण की पहल

जशपुर में साहसिक पर्यटन और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसमें माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संस्था के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के सहयोग से युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया गया। लगातार अभ्यास और राष्ट्रीय स्तर के अभियानों में भागीदारी से इन युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता विकसित की।

स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

जशपुर में पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र और प्राकृतिक सुंदरता साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं रखते हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये युवा पेशेवर गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में आगे बढ़ सकेंगे।

इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही दूसरे युवाओं को भी अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर को साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

2

Back to top button