बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक कारोबारी को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से बड़ी राहत मिली है। अधिकरण ने कारोबारी ओमप्रकाश दुबे को 1 करोड़ 4 लाख 22 हजार 950 रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। इसके साथ ही दावा पेश करने की तारीख से भुगतान होने तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।
यह फैसला दसवें अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी आदित्य जोशी ने सुनाया है। अधिकरण ने श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी को एक महीने के भीतर पूरी राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
2018 में हुआ था सड़क हादसा
मामला 3 दिसंबर 2018 का है। कारोबारी ओमप्रकाश दुबे अपनी दुकान ओम मेटल स्टोर्स से भतीजी के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकरभाठा थाना क्षेत्र में राम मंदिर के पास सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनके दाहिने पैर और कूल्हे में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आईं।
बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाना पड़ा
हादसे के बाद कारोबारी का उपचार बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें विमान से मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर ले जाना पड़ा। जांच में जिला चिकित्सा मंडल ने उन्हें 32 प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता से प्रभावित प्रमाणित किया।
3.05 करोड़ रुपये मुआवजे की थी मांग
कारोबारी ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 166 के तहत अधिकरण में आवेदन प्रस्तुत कर 3.05 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी। सुनवाई के दौरान पुलिस दस्तावेजों, प्राथमिकी, घटनास्थल के नक्शे और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया गया। साक्ष्यों के आधार पर पिकअप चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना गया।
एक महीने के भीतर जमा करनी होगी राशि
अधिकरण ने इलाज का खर्च, मुंबई आने-जाने और ठहरने का खर्च, भविष्य की आय में कमी, शारीरिक पीड़ा और मानसिक आघात सहित विभिन्न मदों को ध्यान में रखकर 1,04,22,950 रुपये का मुआवजा निर्धारित किया है।
आदेश के अनुसार, कुल राशि का 80 प्रतिशत कारोबारी के बैंक खाते में जमा होगा, जबकि शेष 20 प्रतिशत राशि राष्ट्रीयकृत बैंक में दो साल के लिए सावधि जमा रखी जाएगी। बीमा कंपनी को एक महीने के भीतर राशि जमा करनी होगी। साथ ही 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।



