छत्तीसगढ़

बिलासपुर में रिसॉर्ट के पास अधजला शव मिलने से सनसनी, पास में जली हुई बाइक भी बरामद..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवतराई जंगल में एक युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक निजी रिसॉर्ट के पास मिला है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक की बाइक भी जली हुई हालत में बरामद हुई है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम स्थानीय लोगों ने सुनसान जगह पर एक जली हुई बाइक देखी। जब वे पास पहुंचे तो कुछ दूरी पर युवक का अधजला शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की फोटोग्राफी की।

अंधेरा होने के कारण रात में नहीं हो सकी विस्तृत जांच

घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण पुलिस और फॉरेंसिक टीम रात में बारीकी से जांच नहीं कर सकी। अब पुलिस की टीम दोबारा मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। जांच के दौरान स्निफर डॉग की मदद भी ली जाएगी, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

पहचान छिपाने के लिए शव और बाइक जलाने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव तथा बाइक को जलाया गया होगा। हालांकि, घटनास्थल से मिले शुरुआती तथ्यों के आधार पर ही किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एसएसपी के निर्देश पर ACCU टीम सक्रिय

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने ACCU टीम को सक्रिय किया। उनके निर्देश पर टीम देर रात तक शिवतराई और आसपास के इलाकों में जांच करती रही। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। शव की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

2

Back to top button