छत्तीसगढ़

एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी गीता यादव से मिले डिप्टी CM विजय शर्मा, दी बधाई..

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलते हुए गीता ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में उन्होंने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी गीता ने दो गोल दागे।

मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता से उनकी खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। गीता की सफलता ने कवर्धा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

इस दौरान कवर्धा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। गीता ने अपनी खेल यात्रा और खिलाड़ियों की जरूरतों से जुड़े अनुभव साझा किए।

बोड़ला से भारतीय हॉकी टीम तक का सफर

गीता ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त किया। बेहतर प्रदर्शन के बाद वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं।

गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में कदम रखा। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे भी इसी समर्पण के साथ खेलते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Back to top button