छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदला श्याम बाई का जीवन, पक्के घर ने दिया नया आत्मविश्वास..

रायपुर। कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत जी जामगांव की रहने वाली श्याम बाई पटेल और उनके परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) नई उम्मीद लेकर आई है। कभी कच्चे मकान की जर्जर दीवारों और टपकती छत के बीच बारिश की रातें गुजारने वाला परिवार अब अपने पक्के मकान में सुरक्षित जीवन जी रहा है।

श्याम बाई के परिवार के पास कृषि भूमि नहीं है। पति-पत्नी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए लंबे समय से सपना था।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए पात्र पाया गया। ग्राम पंचायत जी जामगांव द्वारा चयन के बाद श्याम बाई ने जनपद पंचायत कुरूद के उन्मुखीकरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्हें आवास निर्माण, किस्तों के भुगतान और योजना के निर्धारित मापदंडों की जानकारी दी गई।

सरकारी सहायता और परिवार की मेहनत से धीरे-धीरे पक्का मकान तैयार हुआ। गृह प्रवेश के बाद अब परिवार को बारिश में घर गिरने या छत टपकने की चिंता नहीं है। नए मकान ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ परिवार के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ाया है।

Leave a Reply

Back to top button