राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राजनांदगांव स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी के छह खिलाड़ियों का चयन भारतीय स्कूल बास्केटबॉल टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी सर्बिया के ज्लातिबोर में 13 से 22 जून तक आयोजित विश्व स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारतीय स्कूल टीम में अंजनी, रूमी कंवर, काम्या झा, रेवा कुलकर्णी, हिमांशु सिंह और शुभम सिंह को जगह मिली है। वहीं प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्या रंगारी का चयन प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है।
इन खिलाड़ियों ने डीपीएस खेलो इंडिया बास्केटबॉल अकादमी, युगांतर खेलो इंडिया अकादमी और सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव की अंडर-17 बालक एवं बालिका टीम ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं युगांतर पब्लिक स्कूल की टीम ने सीनियर सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल किया था। अब यही खिलाड़ी विश्व मंच पर भारत का परचम लहराने के लिए तैयार हैं।



