कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र के उरगा-भौंसमा ओवरब्रिज के पास की है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, मृतक ने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया व्यक्ति के ट्रेन से गिरने या ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
नहीं हो सकी मृतक की पहचान
मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही आसपास के रेलवे स्टेशनों और थानों को भी मृतक के हुलिए की जानकारी भेजी गई है।
उरगा पुलिस ने मृतक की फोटो विभिन्न वाट्सऐप ग्रुपों में साझा कर पहचान की कोशिश शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे मृतक को पहचानते हैं या उसके संबंध में कोई जानकारी रखते हैं, तो उरगा थाना पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच जारी है।



