छत्तीसगढ़

रायपुर के थाने में करंट से युवक की मौत, बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा..

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही 32 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक को भी करंट लगने से झुलसने की जानकारी सामने आई है।

मृतक की पहचान रमेश ठाकुर (32), निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास पहुंचा। कूलर छूते ही उसे तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट

युवक को करंट लगने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी उसे बचाने दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आरक्षक का उपचार जारी है।

CSEB टीम ने शुरू की जांच

घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। वहीं CSEB की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाटर कूलर और पूरे विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह उसके बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंचा। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button