दुर्ग। नगर निगम कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि महापौर कार से उतर चुकी थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
महापौर करीब 12:15 बजे निगम कार्यालय पहुंची थीं। कार खड़ी करने और उतरने के कुछ ही मिनट बाद उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इनोवा पूरी तरह जल चुकी थी। कार में रखे कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए।
महापौर ने किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में खराबी से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। आग की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।



