रायपुर। नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ के नागरिकों को लेकर चिंता बनी हुई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। इनमें 2 नागरिक अब भी लापता हैं, जबकि रायपुर के 5 लोग सुरक्षित हैं और वापस लौट रहे हैं।
लापता लोगों में अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता और बिलासपुर की डॉ. प्रियंका चौधरी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं और उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन क्षेत्र बताया गया है। वहीं प्रियंका चौधरी भी यात्रा के दौरान संपर्क से बाहर हो गईं। दोनों परिवारों को उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार है।
वहीं रायपुर के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नेपाल से छत्तीसगढ़ लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रशासन अन्य नागरिकों की स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित एजेंसियों और नेपाल प्रशासन के संपर्क में है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने भी आपदा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा नेपाल में मौजूद प्रदेश के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है और प्रभावित परिवारों से संपर्क बनाए रखा जा रहा है।



