धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दूसरे आरोपी अजय वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने आरोपी महेंद्र साहू को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कुरूद थाना क्षेत्र में मेघा पुल के पास स्थित एक नर्सरी के आसपास महिला को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आरोपी अपने साथ ले गए थे। महिला का आरोप है कि सुनसान जगह देखकर दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती की और वारदात के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने कुरूद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले महेंद्र साहू, निवासी बगदही, बालोद को गिरफ्तार किया।
वहीं, दूसरा आरोपी अजय वर्मा घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।



