बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर में मां महामाया मंदिर के गेट के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो के एक हिस्से में भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महामंत्री रेहाना बेगम बाइक से उतरने के बाद एक युवक को चप्पल से मारती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद सामने आए दूसरे वीडियो में कुछ लोग रेहाना बेगम से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। एक युवक उनका हाथ मरोड़ता और एक महिला उनके बाल खींचकर थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है।
चोरी के पुराने विवाद से शुरू हुआ मामला
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले एक होटल से सामान चोरी होने की बात सामने आई थी। होटल संचालक तुषार पटेल ने अपनी दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी से चोरी को लेकर पूछताछ की थी। इसके बाद कर्मचारी मोंटी धीवर ने रेहाना बेगम को फोन कर मौके पर बुलाया।
रेहाना बेगम वहां पहुंचीं और विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। इसी घटना का वीडियो पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
इसके बाद अब रेहाना बेगम से मारपीट का वीडियो सामने आया है। रेहाना ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके बाल खींचे और राजू शर्मा ने उनका हाथ मरोड़ दिया। साथ ही धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्ष रतनपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही, इसे लेकर पुलिस साक्ष्यों को जुटा रही है।



