रायपुर/आरंग। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव में सुबह एक 26 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर सीमेंट के पोल से कई वार किए जाने की बात सामने आई है।
मृतका की पहचान बसंती निषाद (26) के रूप में हुई है। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को खून से सने सीमेंट के पोल के दो टुकड़े मिले हैं। आशंका है कि अज्ञात आरोपी ने महिला के सिर पर पोल से हमला कर उसकी हत्या की और मौके से फरार हो गया।
FSL और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। वारदात के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हत्या की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



