छत्तीसगढ़

3 साल के मासूम पार्थ के इलाज के लिए आगे आए CM विष्णुदेव साय, जनदर्शन में मां की गुहार पर दिए निर्देश..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन के दौरान एक जरूरतमंद मां की फरियाद सुनकर उसके तीन साल के मासूम बेटे के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। राजनांदगांव से अपने बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची मां पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री के सामने बच्चे की बीमारी और परिवार की आर्थिक परेशानी बताई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के उपचार की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रीमैच्योर जन्म के कारण कमजोर है पार्थ

जानकारी के मुताबिक, पार्थ साहू का जन्म समय से पहले (प्रीमैच्योर) हुआ था। जन्म के समय उसकी हालत कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है।

आंखों के इलाज में लाखों का खर्च, परिवार परेशान

मां पूर्णिमा साहू ने बताया कि डॉक्टरों ने बच्चे की आंखों में लेंस प्रत्यारोपण कराने की सलाह दी है। इस उपचार में लाखों रुपये खर्च होने की संभावना है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए इतने महंगे इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। इसी उम्मीद के साथ वह अपने बेटे को लेकर मुख्यमंत्री जनदर्शन में पहुंचीं।

CM ने अधिकारियों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां की पूरी बात गंभीरता से सुनी और बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या को समझा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक परेशानी उसके उपचार में बाधा न बने।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मां पूर्णिमा साहू को अपने बेटे के बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है। जनदर्शन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button