रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशालपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र किराये के मकान में रहकर कोचिंग कर रहा था। बुधवार को उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को छात्र के हाथ में एक युवती का प्रेम पत्र भी मिला है।
मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से रायपुर में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को छात्र कोचिंग नहीं पहुंचा और दोस्तों के लगातार फोन करने पर भी उसने जवाब नहीं दिया। इसके बाद दोस्त उसके किराये के मकान पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर छात्र का शव पंखे से लटका दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मिले प्रेम पत्र में युवती ने छात्र को प्रेम संबंधों में उलझने के बजाय अपने करियर पर ध्यान देने की सलाह दी थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



