रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के लिए राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन पुलों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा और लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
पीएम जनमन के तहत छत्तीसगढ़ में 167 पुल स्वीकृत
पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल भी शामिल हैं।
बगीचा में कहां-कहां बनेंगे पुल?
स्वीकृत पांच पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी। इनके निर्माण के लिए अलग-अलग राशि मंजूर की गई है।
- डंगरी से दरावाकोना मार्ग: 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये।
- जबला से नवापारा मार्ग: 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये।
- कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये।
- बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये।
- कुहापानी से बांसधार मार्ग: 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये।
बारिश में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत
इन पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या कम होगी। ग्रामीणों को मुख्य मार्गों तक पहुंचने में आसानी होगी। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने और मरीजों को अस्पतालों तक समय पर पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच आसान होगी।
तकनीकी स्वीकृति के बाद शुरू होंगे निर्माण कार्य
प्रशासन के अनुसार, सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित राशि के अंतर्गत पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
इन पांच पुलों के निर्माण से जशपुर के बगीचा विकासखंड में ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।



