छत्तीसगढ़

पुलिस को देखते ही तालाब में लगाई छलांग, सुबह मिला ग्रामीण का शव..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे एक ग्रामीण ने तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद मंगलवार सुबह उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान महेश राम केंवट के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ग्रामीण महेश राम केंवट ने पुलिस से बचने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह पानी में लापता हो गया।

घटना के बाद तालाब में डूबने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीम ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर लगाए आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान दर्ज किया गया था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

2

Back to top button