हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था छात्र
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला छात्र दीपावली की छुट्टियां बिताने के बाद स्कूल हॉस्टल लौटा था। लेकिन वहां उसका मन नहीं लग रहा था। 22 नवंबर को वह हॉस्टल से निकलकर अपनी बुआ के घर पहुंच गया और फोन पर पिता को बताया कि वह अब हॉस्टल में नहीं रहना चाहता।
छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन से आग्रह किया था कि उनके पहुंचने तक बच्चे को वापस हॉस्टल न लाया जाए। आरोप है कि इसके बावजूद हॉस्टल के कर्मचारी छात्र को उसकी बुआ के घर से जबरन वापस ले आए।
कमरे में बंद कर दी धमकी, डरकर उठाया खौफनाक कदम
परिजनों के मुताबिक, जब छात्र के रिश्तेदार उसे अपने साथ ले जाने के लिए हॉस्टल पहुंचे, तो प्रबंधन ने उसे सौंपने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद छात्र को कमरे में बंद कर दिया गया और दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। इसी डर और घबराहट में छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और उसका इलाज जारी है।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार गिरफ्तार
मामले में गांधीनगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें गलत तरीके से बंधक बनाने, धमकी देने और लापरवाही से जीवन को खतरे में डालने जैसी धाराएं शामिल हैं।
पहले भी विवादों में रहा है स्कूल
बताया जा रहा है कि बिरला ओपन माइंड्स स्कूल पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले एक शिक्षक द्वारा छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था। तत्कालीन जांच के बाद संबंधित शिक्षक को स्कूल प्रबंधन ने बर्खास्त कर दिया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने स्कूलों और हॉस्टलों में बच्चों की सुरक्षा तथा उनके साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



