छत्तीसगढ़

‘युवा भारत’ थीम पर होगा रायपुर साहित्य उत्सव, देशभर के साहित्यकारों को मिलेगा मंच..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक तीन दिवसीय रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों और रचनाकारों की उपस्थिति में रायपुर साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण किया और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से बेहद समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन एवं सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष महत्व

मुख्यमंत्री ने गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित प्रदेश की विभिन्न जनजातीय भाषाओं एवं बोलियों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित लोकज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण जरूरी है। साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को विशेष स्थान दिया जाना चाहिए।

युवा रचनाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा भारत’ थीम देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को प्रदर्शित करती है। इस आयोजन के माध्यम से युवा रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और स्थापित साहित्यकारों से संवाद करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने गत वर्ष आयोजित साहित्य उत्सव की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक एवं भव्य स्वरूप दिया जाएगा, ताकि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकारों और कवियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा आगामी आयोजन को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि और रचनाकार उपस्थित रहे।

कब होगा आयोजन?

  • तारीख: 8 से 10 जनवरी 2027
  • अवधि: तीन दिन
  • स्थान: रायपुर
  • थीम: युवा भारत

Leave a Reply

2

Back to top button