छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल! गोल्ड मेडल जीतने वाली सना-सानिया से मिले CM विष्णुदेव साय..

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनों सना और सानिया ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बेटियों की खेल उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

खेल प्रतियोगिताओं में जीत चुकी हैं पदक

मुलाकात के दौरान सना और सानिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मार्शल आर्ट में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों बहनें गोल्डन कप के अलावा खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में भी हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं।

पढ़ाई और खेल दोनों में बना रहीं संतुलन

दोनों बहनें खेल के साथ अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री साय ने उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ना उनकी लगन को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

2

Back to top button