रायपुर/इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इंदौर के बेटमा में रह रहे परिवार की तीन सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत बच्चियों की उम्र 6, 8 और 10 वर्ष बताई गई है। शुरुआती जांच में उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, परिवार के खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोनों बच्चियों के शवों को परिजन एंबुलेंस से रायपुर लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 10 वर्षीय तीसरी बहन आशी की भी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद करीब एक घंटे बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया।
तीनों बच्चियों की मौत से परिवार में मातम
एक ही परिवार की तीन मासूम बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
तीनों बच्चियों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और बिसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा।
इटारसी पुलिस ने शुरू की जांच
इटारसी पुलिस ने मामले में ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चूंकि घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है, इसलिए आगे की जांच संबंधित थाना पुलिस को सौंपी जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तीनों बच्चियों की मौत फूड पॉइजनिंग से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।



