छत्तीसगढ़

रायपुर के मेटल पार्क में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत..

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा मेटल पार्क मार्ग पर सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब काम पर जा रही स्कूटी सवार महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान राजेश्वरी वर्मा, पति कमलेश वर्मा, निवासी वार्ड नंबर 12, आजाद नगर, गणेश चौक, रावांभाठा के रूप में हुई है। राजेश्वरी रॉयल कंपनी में काम करती थी। बुधवार सुबह वह स्कूटी से अपने घर से कंपनी जाने के लिए निकली थी। रावांभाठा से मेटल पार्क की ओर जाते समय ट्रक क्रमांक CG 04 JC 4822 से उसकी स्कूटी की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद राजेश्वरी सड़क पर गिर गई और ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उसके शरीर के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही उरला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटा सकती है। इसके अलावा ट्रक के दस्तावेज, चालक का लाइसेंस और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Back to top button