छत्तीसगढ़

एक साल से मायके में थी पत्नी, वापस नहीं आई तो युवक ने उठाया आत्मघाती कदम..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से परेशान 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान श्रीनगर गांव निवासी जमुना प्रसाद यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उसकी पत्नी करीब एक साल पहले अपने मायके चली गई थी। जमुना लगातार उसे वापस लाने का प्रयास कर रहा था। 21 अगस्त को भी वह पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया।

इसके बाद युवक तनाव में घर लौटा और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों और पड़ोसियों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। पहले रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सूरजपुर जिला अस्पताल में उपचार हुआ। हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के बर्न यूनिट रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। स्वजनों के बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button