गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का डंप बरामद किया गया। इसमें टिफिन IED, UBGL राउंड, कोडेक्स वायर समेत अन्य सामग्री शामिल थी। संभावित खतरे को देखते हुए CRPF के बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटकों को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया।
सर्च ऑपरेशन में मिला नक्सली डंप
जानकारी के अनुसार, मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में CRPF की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें शामिल थीं। इसी दौरान गोवरमुंडा के पास एक पुलिया के नजदीक संदिग्ध सामग्री मिलने पर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। जांच के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
टिफिन IED और चार UBGL राउंड बरामद
सुरक्षा बलों को डंप से करीब 2.5 किलोग्राम वजन का एक टिफिन IED, चार UBGL राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां और रोजमर्रा के उपयोग का सामान मिला। विस्फोटकों की मौजूदगी से इलाके में खतरे की आशंका थी, जिसके बाद CRPF के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया।
नियंत्रित विस्फोट से नष्ट किए गए विस्फोटक
पुलिस के मुताबिक, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए टिफिन IED तथा चारों UBGL राउंड को घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित खतरे को समाप्त करना था।
CRPF की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। जंगलों में छिपाए गए विस्फोटकों की बरामदगी को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।



